11 हजार KV लाइन की चपेट में आए 4 मजदूर, दो की मौत, शटडाउन के बावजूद लाइन में दौड़ रहा था करंट, खंभा गिरने के बाद हुआ हादसा; दो मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

जशपुर। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में बुधवार को बिजली खंभा गाड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की झुलसने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पाकरगांव में बिजली का खंभा गाड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान बिजली का खंभा अचानक गिर गया और वह 11 हजार केवी की करंट प्रवाहित लाइन के संपर्क में आ गया। इसके बाद वहां मौजूद मजदूर भी बिजली की चपेट में आ गए।
बताया जा रहा है कि हादसे से पहले बिजली लाइन का शटडाउन लिया गया था, इसके बावजूद तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट की चपेट में आने से चार मजदूर बुरी तरह झुलस गए। इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पत्थलगांव पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और शटडाउन के बावजूद लाइन में करंट कैसे प्रवाहित हो रहा था, इसकी जांच की जा रही है। घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पाकरगांव की है।

  • Top Search

    Most Read