रामभाठा पुराने बस डिपो में युवक की निर्मम हत्या, सिर कुचलकर मौत, दो संदेही से की जा रही पूछताछ

रायगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामभाठा स्थित पुराने बस डिपो में मंगलवार को एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। खंडहरनुमा पड़े पुराने बस डिपो में युवक का शव मिलने की सूचना पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान धनुर्जय चौहान के रूप में हुई है, जो संजय मैदान क्षेत्र में रहता था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या सिर कुचलकर की गई है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। मामले में दो-तीन संदिग्धों के शामिल होने की आशंका है, जिनके संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।

बताया जा रहा है कि पुराना बस डिपो लंबे समय से खंडहर की स्थिति में है और यहां नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। पुलिस को आशंका है कि नशे के दौरान किसी विवाद के बाद युवक की हत्या की गई होगी। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस के साथ एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या की वजह और आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

  • Top Search