रायगढ़। शहर के रामपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम तुपकधार निवासी पुष्पेन्द्र कुमार यादव रविवार 13 सितंबर को करीब 11 बजे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BL 2985 से अपने नाती साहिल कुमार यादव को लाखा स्थित सुनील स्पात कंपनी छोड़ने गया था। इसके बाद दोपहर करीब 3:25 बजे परिजनों को सूचना मिली कि रामपुर रोड पेट्रोल पंप के पास मेन रोड पर 18 चक्का ट्रेलर क्रमांक CG 13 BE 3734 ने बाइक को टक्कर मार दी है।
परिजनों के अनुसार, ट्रेलर चालक वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुष्पेन्द्र के सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग रायगढ़ पहुंचे।
इधर, सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएच अस्पताल रायगढ़ की मरच्युरी में रखवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं। मृतक के पिता दयाराम यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब हादसे के कारणों और ट्रेलर चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
