सारंगढ़-बिलाईगढ़। बरमकेला थाना क्षेत्र के ग्राम पैकिन में रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सामने से आ रही बस ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जालाकोना निवासी नवीन बरिहा रविवार शाम करीब 5:30 बजे बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AV 7683 से किसी काम से ग्राम लेंध्रा गया था। काम पूरा करने के बाद वह बाइक से वापस अपने गांव जालाकोना लौट रहा था। इसी दौरान शाम करीब 6:10 बजे ग्राम पैकिन स्थित मनोज ढाबा के पास सामने से आ रही बंटी बस क्रमांक CG 13 BC 9324 से उसकी बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि नवीन के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वह बुरी तरह घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घायल नवीन को तत्काल CHC बरमकेला लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई शंकर लाल बरिहा ने बरमकेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बस चालक पर तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
