धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों की मौजूदगी के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बाकारुमा वन परिक्षेत्र के ससकोबा बीट अंतर्गत 99 पीएफ जंगल में 12 हाथियों के दल के बीच एक युवक का सामना हो गया। इसके बाद हुई घटना में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान एस्तर तिर्की, पिता बुना राम, निवासी ग्राम पीठपानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक हाथियों के दल के संपर्क में आने के बाद लापता हो गया था। काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान जंगल में युवक का शव मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए आगे की जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र में हादसा हुआ, वहां 12 हाथियों का दल मौजूद था। वन अमला अब यह पता लगाने में जुटा है कि युवक जंगल में किस परिस्थिति में पहुंचा और हाथियों के साथ उसका सामना कैसे हुआ।
हादसे के बाद आसपास के गांवों में दहशत और चिंता का माहौल है। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी वाले जंगलों में नहीं जाने और विभागीय चेतावनियों का पालन करने की अपील की जा रही है।
हाथियों की मौजूदगी वाले इलाकों में लगातार बढ़ते मानवीय आवागमन के बीच यह घटना एक बार फिर इंसान और वन्यजीवों के बीच बढ़ते टकराव की गंभीर तस्वीर सामने लाती है।
