सारंगढ़-बिलाईगढ़। कोसीर थाना क्षेत्र के ग्राम खुडबेना निवासी किसान के बैंक खातों से मोबाइल अपडेट होने के बाद कुल 99 हजार रुपए का संदिग्ध ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने धारा 318(4) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खुडबेना निवासी किशन नायक (32) खेती-किसानी का काम करता है। उसने शिकायत में बताया कि 18 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे उसका रियलमी मोबाइल फोन अचानक अपडेट होने लगा। इसके बाद वह मोबाइल दिखाने के लिए एक दुकान पर गया। कुछ देर बाद मोबाइल अपडेट हुआ।
इसी दौरान उसके ग्रामीण बैंक के खाते से 99 हजार रुपए ट्रांसफर होने का मैसेज आया। इसके बाद उसके पोस्ट ऑफिस स्थित दूसरे बैंक खाते से भी क्रमशः 2:28 बजे, 2:28 बजे और 2:30 बजे 50-50 हजार रुपए के ट्रांजेक्शन से संबंधित मैसेज प्राप्त हुए।
घटना की जानकारी मिलते ही किसान ने तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क किया और ट्रांजेक्शन आईडी उपलब्ध कराते हुए साइबर शिकायत दर्ज कराई। अगले दिन बैंक पहुंचकर दोनों खातों का स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि ग्रामीण बैंक के खाते से निकली 99 हजार रुपए की राशि उसके दूसरे खाते में ट्रांसफर हुई थी। इसमें 49 हजार रुपए पर होल्ड लग गया, जबकि 50 हजार रुपए संदिग्ध खातों में पहुंचकर निकाल लिए गए।
पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में दो बैंक खातों का उल्लेख करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी के जरिए रकम निकाले जाने की शिकायत की है। आवेदन के आधार पर कोसीर पुलिस ने धारा 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब संदिग्ध खातों और ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर साइबर ठगी में शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
