रायगढ़। रायगढ़ जिले में शनिवार की शाम जंगली हाथियों के एक दल को सड़क पार करते देखा गया। इस बीच सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। हाथियों के जंगल के भीतर जाने के बाद ही इस मार्ग पर आवागमन शुरू हो सका। वन विभाग के हाथी प्रभावित गांव के ग्रामीणों को अलर्ट रहने को कहा है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वनमंडल के आमगांव परिसर में हाथियों की मौजूदगी को लेकर वन विभाग ने ग्रामीणों और राहगीरों को सतर्क रहने की अपील की है। शनिवार, 5 सितंबर को आमगांव परिसर के 368 आरएफ में विचरण कर रहा हाथियों का दल रायगढ़ रोड को पार कर 367 आरएफ जंगल की ओर बढ़ गया है। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों को लंबी कतार लगी रहीं। हाथियों के सड़क पार करने के बाद वन विभाग ने रायगढ़ रोड से आवागमन करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए आसपास के गांवों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
वन विभाग के अनुसार दर्रीडीह, ओंगना, पोटिया, खलबोरा और शेरवन गांव के ग्रामीण विशेष सतर्क रहें और हाथियों के नजदीक जाने या उनका पीछा करने का प्रयास न करें। जंगल अथवा हाथियों की संभावित आवाजाही वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से भी बचने की अपील की गई है।
वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों से किसी भी तरह की हाथी गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
