रायगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, साथी घायल

by Kakajee News

रायगढ़। जिले के तमनार क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कसडोल मार्ग पर हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम ढोर्रोबीजा निवासी शोभाराम भगत अपने साथी चिर्रू सिदार उर्फ फगून सिदार के साथ रविवार सुबह करीब 10:30 बजे मोटरसाइकिल से किसी काम से ग्राम ननसिया की ओर निकले थे। दोपहर लगभग 3 बजे परिजनों को गांव के कोटवार से मोबाइल पर सूचना मिली कि दोनों सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए हैं और उन्हें तमनार के सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।
सूचना मिलते ही मृतक के पुत्र घुरवा भगत अपने परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि उनके पिता शोभाराम भगत का शव स्ट्रेचर पर रखा हुआ था। हादसे में उनके चेहरे, आंख, कंधे, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी मौत हो गई।
परिजनों को मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कसडोल रोड पर किसी अज्ञात वाहन के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में शोभाराम भगत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी चिर्रू सिदार घायल हो गए, जिनका उपचार तमनार अस्पताल में जारी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

काकाजी न्यूज के Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें 👉️KakajeeNews.com👈️

Related Posts