महासमुन्द।छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 करोड़ 27 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। यह कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के रेहटीखोल चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, NH-53 पर चेकिंग के दौरान ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक वोक्सवैगन कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच में कार की पिछली सीट के नीचे बनाए गए गुप्त चैम्बर से 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए।
जब्त किए गए सोने की अनुमानित कीमत करीब 9.27 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि वाहन में सवार तीनों व्यक्तियों के पास सोने से संबंधित वैध दस्तावेज मौजूद नहीं थे, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
पकड़े गए लोगों की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावात के रूप में हुई है। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
प्राथमिक जांच के बाद सिंघोड़ा पुलिस ने मामले को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) को सौंप दिया है। अधिकारियों को आशंका है कि सोने की तस्करी या अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क का मामला हो सकता है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां सोने के स्रोत, परिवहन नेटवर्क और संभावित कारोबारी कनेक्शन की जांच में जुट गई हैं।
1