पेलमा कोल माइंस जनसुनवाई फिलहाल स्थगित, लंबे आंदोलन के बाद ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

by Kakajee News

रायगढ़। तमनार क्षेत्र में प्रस्तावित पेलमा ओपनकास्ट कोल माइंस परियोजना को लेकर होने वाली जनसुनवाई फिलहाल स्थगित कर दी गई है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा जारी सूचना के अनुसार 19 मई को ग्राम पेलमा में आयोजित होने वाली पर्यावरणीय जनसुनवाई को आगामी आदेश तक टाल दिया गया है।
बताया जा रहा है कि इस परियोजना से प्रभावित गांवों के ग्रामीण लंबे समय से जनसुनवाई का विरोध करते हुए आंदोलन कर रहे थे। ग्रामीणों का आरोप था कि खदान परियोजना से क्षेत्र के जल, जंगल और जमीन पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा, वहीं विस्थापन और पर्यावरण प्रदूषण की आशंका भी लगातार जताई जा रही थी।
इसी मुद्दे को लेकर आज बड़ी संख्या में प्रभावित गांवों के ग्रामीण जिला मुख्यालय रायगढ़ पहुंचे थे, जहां उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जनसुनवाई स्थगित करने की मांग की। ग्रामीणों के प्रदर्शन और विरोध के बीच प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई थी।
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की अधिसूचना के तहत प्रस्तावित पेलमा ओपनकास्ट कोल माइंस परियोजना की जनसुनवाई 19 मई को सुबह 11 बजे ग्राम पेलमा में आयोजित होनी थी। लेकिन कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रायगढ़ के पत्र के आधार पर इसे आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि South Eastern Coalfields Limited (SECL) की इस परियोजना का क्षेत्रफल लगभग 2077.934 हेक्टेयर बताया गया है, जिसकी उत्पादन क्षमता 15 MTPA निर्धारित की गई है। परियोजना का प्रभाव तमनार क्षेत्र के पेलमा, उरबा, मदुआडूमर, लालपुर, हिंझर, जरहीडीह, सक्ता, मिलुपारा और खर्रा सहित कई गांवों पर पड़ना प्रस्तावित है।
जनसुनवाई स्थगित होने के बाद आंदोलनरत ग्रामीणों में फिलहाल राहत का माहौल है, हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा।

काकाजी न्यूज के Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें 👉️KakajeeNews.com👈️

Related Posts