अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्राटिकरा इलाके में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। अन्य दो युवक भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार में कुल छह लोग सवार थे। मृतकों की पहचान चालक विशाल तिर्की और उसके दोस्त अंजित कुजूर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विशाल तिर्की एक शिक्षिका का बेटा था और दोस्तों के साथ घूमने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे में घायल युवतियों की पहचान निकिता कुजूर और तारा कुजूर के रूप में हुई है, जो कॉलेज की छात्राएं हैं। दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा कार में सवार वाहन मालिक आर्यन कुजूर और अनिमेष तिर्की भी घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि कार में सवार दोनों युवतियां अंबिकापुर के एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थीं और वे सीतापुर व बगीचा क्षेत्र की रहने वाली हैं। वहीं कार में सवार दो युवक मध्यप्रदेश के भोपाल और जबलपुर के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि दो युवक अंबिकापुर के ही रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार सभी युवक-युवतियां सेमरडांड की ओर से लौट रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि सभी शराब के नशे में थे। इसी दौरान हर्राटिकरा मोड़ के पास कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।