रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बांगरसिया गांव में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस को बांगरसिया गांव में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया है।
पहचान और मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर रही है। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है, वहीं डॉग स्क्वाड की मदद से भी जांच की जा रही है। व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

