रायगढ़। महाराजा श्री अग्रसेन जयंती 2026 के अंतर्गत गुरुवार, 8 अक्टूबर को ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य कार्यक्रमों ने मनोरंजन, संगीत और बॉलीवुड की रंगीन दुनिया का ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत म्यूजिकल हाउजी से हुई, जिसमें हजारों बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद आयोजित बॉलीवुड मैशअप में 80 के दशक के रेट्रो दौर से लेकर वर्ष 2000 तक के बॉलीवुड की शानदार झलक देखने को मिली। दोनों कार्यक्रमों ने दर्शकों को भरपूर मनोरंजन दिया और जयंती के आयोजन को यादगार बना दिया।
म्यूजिकल हाउजी में गानों की धुन पर झूमे बच्चे
ऑडिटोरियम में कार्यक्रमों का आगाज म्यूजिकल हाउजी के साथ हुआ। संगीत और मनोरंजन से भरपूर इस आयोजन में बच्चों ने हर गाने के साथ खूब मस्ती की और पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह लगातार बना रहा। पूरा आयोजन डिजिटल तकनीक पर आधारित था, जिसने कार्यक्रम को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप दिया।
कार्यक्रम प्रभारी इंजीनियर अभिषेक अग्रवाल, अशोक अग्रवाल (ब्लूचिप), मनीष अग्रवाल (दवाई), आनंद मोदी, दीपक अग्रवाल (जामगांव), पंकज अग्रवाल, मनीष पालीवाल, अधीश रतेरिया, अभिषेक अग्रवाल, विशाल सिंघानिया, मुकेश केड़िया (जे.सी.आई.), राहुल महमिया, आर्यन अग्रवाल एवं नवीन अग्रवाल ने कुशल प्रबंधन के साथ आयोजन को सफल बनाया। सुव्यवस्थित संचालन, बेहतर व्यवस्थाओं और मनोरंजक गतिविधियों के कारण बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने भी कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
बॉलीवुड मैशअप में साकार हुआ हिंदी सिनेमा का सुनहरा दौर
म्यूजिकल हाउजी के बाद ऑडिटोरियम में बॉलीवुड मैशअप का शानदार आगाज हुआ। इस आयोजन में बॉलीवुड के सुनहरे दौर से लेकर आधुनिक मनोरंजन की झलक तक मंच पर जीवंत हो उठी। पूरा मंच बॉलीवुड की थीम पर सजाया गया था और प्रतिभागियों की आकर्षक वेशभूषा ने 80 के दशक की यादें ताजा कर दीं। कलाकारों के किरदार, ड्रेसअप, अभिनय और डांस ने दर्शकों को हिंदी सिनेमा की रंगीन दुनिया में पहुंचा दिया।
बॉलीवुड मैशअप को सोलो, डुएट और ग्रुप—तीन श्रेणियों में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में स्पॉटलाइट वॉक, रेट्रो-मेट्रो डांस राउंड और एंटरटेनमेंट राउंड के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। किसी ने बॉलीवुड सितारों की शानदार मिमिक्री की, तो किसी ने अपने अभिनय, संवाद अदायगी और डांस से दर्शकों का दिल जीत लिया। कई प्रस्तुतियों के दौरान पूरा ऑडिटोरियम तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
चार प्रभारियों की मेहनत और शानदार एंकरिंग ने बांधा समां
बॉलीवुड मैशअप की सफलता में प्रभारी प्रतीक्षा अग्रवाल (माँ बंजारी), सृष्टि अग्रवाल (बट्टीमार), श्रुति अग्रवाल एवं पूजा आशाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चारों प्रभारियों ने पूरे आयोजन को बेहतरीन तालमेल, रचनात्मकता और ऊर्जा के साथ संभाला। उनकी प्रभावशाली एंकरिंग ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और प्रतिभागियों के साथ दर्शकों को भी पूरे समय जोड़े रखा।
कार्यक्रम में दर्शकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए रोचक प्रश्नोत्तर राउंड भी रखे गए, जिसने आयोजन को और अधिक संवादपूर्ण एवं मनोरंजक बनाया। प्रतियोगिताओं के विभिन्न चरणों का सुव्यवस्थित संचालन, प्रतिभागियों को मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर और हर प्रस्तुति को उत्साह के साथ प्रोत्साहित करना प्रभारियों की विशेष उपलब्धि रही। उनकी मेहनत, समर्पण और टीम भावना ने बॉलीवुड मैशअप को जयंती के प्रमुख आकर्षणों में शामिल कर दिया।
अनुभवी निर्णायकों ने किया प्रतिभाओं का सूक्ष्म मूल्यांकन
बॉलीवुड मैशअप में निर्णायक की भूमिका विजय अग्रवाल (एन.आर. ग्रुप), सुनील अग्रवाल (वी.आर.), आशीष जिंदल (अजय इंगट), हरविलास अग्रवाल, डॉ. खुश्बू अग्रवाल, आभा अग्रवाल (अजंता), स्मृति सावड़िया (आशाराम), हर्षनी बंसल एवं गरिमा अग्रवाल ने निभाई। अनुभवी निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, अभिनय, नृत्य, वेशभूषा और मनोरंजन के विभिन्न पहलुओं का बारीकी से मूल्यांकन करते हुए विजेताओं का चयन किया।
बॉलीवुड मैशअप के विजेताओं ने मारी बाजी
प्रतियोगिता की तीनों श्रेणियों में प्रतिभागियों के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला। सोलो में प्रथम आदर्श अग्रवाल और द्वितीय राहुल अग्रवाल वही ग्रुप में प्रथम नूपुर, तृप्ति एवं खुशी,द्वितीय दीप्ति, आशीष, आदित्य एवं अपूर्वा और डुएट में प्रथम पप्पल एवं मुस्कान,द्वितीयसौम्या एवं चांदनी रही।विजेताओं की शानदार प्रस्तुतियों ने निर्णायकों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों ने अपनी कला, आत्मविश्वास और रचनात्मकता से आयोजन को यादगार बनाया।
आयोजन समिति ने संभाली संपूर्ण व्यवस्था
महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के अंतर्गत आयोजित इन भव्य कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं में आयोजन समिति के मुकेश मित्तल कलानोरिया, अनूप बंसल, प्रदीप गर्ग, रवि अग्रवाल (सी.ए.), सचिन बंसल, संजय अग्रवाल (कार्ड), संजय अग्रवाल (पत्थलगांव), प्रकाश निगानिया, कमलेश रतेरिया, आशा अग्रवाल (टाइटन), कविता बेरीवाल एवं शालू गोयल सहित समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समिति के समन्वित प्रयासों, प्रभारियों की मेहनत, निर्णायकों के निष्पक्ष मूल्यांकन और प्रतिभागियों के उत्साह ने ऑडिटोरियम के इस आयोजन को भव्य एवं यादगार बना दिया। संगीत, अभिनय, नृत्य और मनोरंजन से सजी इस शाम ने अग्रसेन जयंती के सांस्कृतिक आयोजनों में एक नई ऊर्जा का संचार किया।
मीडिया प्रभारी प्रकाश निगानिया ने बताया कि महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करना तथा सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जुड़ाव और आपसी सहभागिता को मजबूत करना है। ऑडिटोरियम में आयोजित म्यूजिकल हाउजी और बॉलीवुड मैशअप को मिली शानदार सहभागिता ने आयोजन समिति के उत्साह को और बढ़ाया है।
