रायगढ़। जिले के रायगढ़ और धरमजयगढ़ वन मंडल में 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह मनाया गया। इस दौरान वन विभाग की सभी रेंज में अलग-अलग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को वन्यजीवों के संरक्षण और जंगलों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया। सप्ताह के समापन अवसर पर बुधवार को रायगढ़ वन परिक्षेत्र में बाइक जागरूकता रैली निकाली गई।
बाइक रैली की शुरुआत सुबह 8 बजे नटवर हाई स्कूल से हुई। रैली को महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसएसपी शशि मोहन सिंह, सीईओ अभिजीत बबन पठारे और डीएफओ अरविंद पीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में सर्परक्षक समिति के सदस्य भी शामिल हुए।
शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी रैली
रैली नटवर हाई स्कूल से निकलकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक, एमजी रोड, सुभाष चौक, अग्रसेन चौक, शहीद चौक, हेमू कलाणी चौक, चक्रधर नगर चौक और दुर्गा चौक होते हुए स्टेडियम रोड पहुंची। इसके बाद रैली बोइरदादर होते हुए इंदिरा विहार पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
रैली में शामिल वनकर्मी और सर्परक्षक समिति के सदस्य हाथों में वन्यप्राणी और जंगलों को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने का संदेश देने वाली तख्तियां लेकर चल रहे थे। लोगों को वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ जंगलों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
सर्परक्षक समिति ने सांपों को लेकर दी महत्वपूर्ण जानकारी
इंदिरा विहार में आयोजित समापन कार्यक्रम के दौरान सर्परक्षक समिति के सदस्य विनितेश तिवारी ने जंगलों को बचाने की जरूरत पर लोगों को संबोधित किया। उन्होंने सांपों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं। लोगों को सांपों के प्रति अनावश्यक भय न रखने और उनके संरक्षण के महत्व के बारे में बताया गया। सर्परक्षक समिति की ओर से जय नारायण खर्रा, रवि मिरी, लोकेश मलाकार, किशन, विक्की चौहान समेत अन्य सदस्य भी बाइक रैली में शामिल हुए।
कार्यक्रम में रायगढ़ वन परिक्षेत्र के रेंजर संजय लकड़ा, डिप्टी रेंजर लवकुमार सोनी, वनपाल ऋषिकेश्वर सिदार, गितेश्वर पटेल, राजकुमार सारथी, शरद बेग, राधिका खुंटे, रजनी, पालू साहू, भूषण जांगड़े, राजेश उरांव, लाखन सिदार, मोंगरा, रोहित सिदार, त्रिदेव पोर्ते, कुशल कंवर, बोधराम, शंकरलाल वारेन और भागीरथी सिदार सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।
