रायगढ़। रायगढ़ जिले में रविवार की सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। पुसौर ब्लॉक के ग्राम बाराडोली में तेज बहाव वाले नाले का पुल पार करते समय बाइक सवार तीन लोग अचानक पानी के बहाव में फंस गए। देखते ही देखते बाइक समेत तीनों लोग पुल से नीचे बहने लगे। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी जिले के गंगरेल बांध के 14 गेट खोले जाने के बाद बीती रात से महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ते जा रहा है। जिसके चलते रायगढ़ जिले में महानदी के आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। इसका असर पुसौर ब्लॉक के कई गांवों में भी देखने को मिल रहा है। एक दर्जन के आसपास गांव में पानी घुस चुका है। इसी क्रम में रविवार सुबह करीब 9 बजे ग्राम बाराडोली से रायपाली, नवापारा की ओर जा रहे बाइक सवार तीन लोग तेज बहाव वाले नाले के पुल को पार करने की कोशिश कर रहे थे। बाइक पर एक महिला समेत दो पुरुष सवार थे।
बताया जा रहा है कि तीनों नवापारा-ब के पास लकवा का इलाज करने वाले किसी डॉक्टर के पास जा रहे थे। पुल के ऊपर पानी का बहाव तेज होने के बावजूद जैसे ही बाइक सवार आगे बढ़े, उनका संतुलन बिगड़ गया और वे बाइक समेत पुल से नीचे पानी के तेज बहाव में बहने लगे। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि वहां मौजूद लोगों ने तत्काल मदद के लिए आगे आते हुए तीनों को किसी तरह पानी से बाहर निकाल लिया।
गांव के ग्रामीणों ने बताया जिस जगह यह घटना हुई वहां से महानदी 500 मीटर दूर था। समय रहते ग्रामीणों की तत्परता से तीनों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तेज बहाव के बीच पुल पार करने को लेकर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं इस घटना के बाद बाइक सवारों को वापस भेज दिया गया है।
