उड़ीसा से बिहार जा रहा 109 किलो गांजा जब्त, पिकअप के गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहा था तस्कर


बलरामपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 109.235 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। तस्कर गांजे को पिकअप वाहन के डाले के नीचे बनाए गए गुप्त चेंबर में 100 पैकेटों में छिपाकर उड़ीसा से बिहार ले जा रहा था। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार उड़ीसा से बलरामपुर के रास्ते बिहार की ओर गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा पूरे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के निर्देशन में कोतवाली पुलिस द्वारा पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के मामलों से जुड़े आरोपियों की गतिविधियों और तकनीकी जानकारी के आधार पर निगरानी की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उड़ीसा से बड़ी मात्रा में गांजा लेकर एक पिकअप वाहन बलरामपुर के रास्ते बिहार जाने वाला है। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने संभावित मार्ग पर मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए निगरानी बढ़ाई। 24 सितंबर की मध्य रात्रि एमसीपी (मोबाइल चेक पोस्ट) लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रहे सफेद रंग के बोलेरो पिकअप क्रमांक JH10AQ5144 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पिकअप के डाले के नीचे गुप्त चेंबरनुमा बॉक्स बना हुआ मिला। डाला अलग कर जांच करने पर उसमें छिपाकर रखे गए 100 पैकेट गांजा बरामद हुए। मौके पर तौल करने पर गांजे का कुल वजन 109.235 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।
मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगीराज पिता ऐशन शाह, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम कतिकनार, वार्ड क्रमांक 05, थाना नवानगर, जिला बक्सर, बिहार के रूप में हुई है। थाना सिटी कोतवाली बलरामपुर में अपराध क्रमांक 167/2026, धारा 20(ख)(2)(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।

  • Top Search