रायगढ़ से रायपुर पहुंचते ही खुला 5 टन लोहे का खेल, ट्रक छोड़कर चालक हुआ रफूचक्कर, थाने में हुआ अपराध दर्ज

रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित चंद्रहासिनी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड से रायपुर के लिए भेजे गए लोहे में करीब 5 टन की कमी मिलने के बाद ट्रक चालक के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया गया है। कंपनी की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने वाहन चालक मुरली साहू के खिलाफ धारा 316(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक कंपनी में सेल्स एक्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत अर्पित पाण्डेय ने बताया कि 9 सितंबर को चंद्रहासिनी इस्पात के गेरवानी स्थित प्लांट से वाहन क्रमांक CG10BS7041 में करीब 38.900 टन लोहा लोड कर रायपुर स्थित पवन पुत्र ट्यूब्स के लिए रवाना किया गया था। वाहन को चालक मुरली साहू, निवासी ग्राम देवरी, थाना धरसीवां, जिला रायपुर चला रहा था।

शिकायत के अनुसार वाहन 11 सितंबर को दोपहर करीब 1:58 बजे रायपुर स्थित गंतव्य पर पहुंचा। वहां धर्मकांटा में वाहन का वजन कराया गया तो भेजे गए माल की तुलना में करीब 5 टन लोहा कम पाया गया। कंपनी के मुताबिक कम पाए गए लोहे की कीमत करीब 3 लाख रुपए है।

वजन में कमी सामने आने के बाद चालक मुरली साहू कथित तौर पर ट्रक को छोड़कर वहां से फरार हो गया। कंपनी की ओर से चालक से संपर्क करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद कंपनी प्रतिनिधि ने पूंजीपथरा थाने में लिखित शिकायत देकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने आवेदन की जांच के बाद प्रथम दृष्टया वाहन चालक द्वारा कंपनी के माल में हेरफेर कर अमानत में खयानत किए जाने का मामला पाए जाने पर धारा 316(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब रास्ते में माल कहां और किन परिस्थितियों में कम हुआ, इसकी जांच कर रही है। साथ ही वाहन की आवाजाही और चालक से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

  • Top Search