खरसिया में देर रात बड़ा हादसा: बिजली खंभा तोड़ते हुए घर में घुसा लोहे की छड़ों से लदा ट्रेलर, तीन बाइक जलकर राख


रायगढ़। खरसिया में बीती देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे को तोड़ते हुए एक घर में जा घुसा। ट्रेलर में लोहे की छड़ें लदी हुई थीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घर के भीतर सो रहे लोगों की नींद भी घटना के बाद खुल गई, हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और घर में सो रहे लोग बाल-बाल बच गए।


बताया जा रहा है कि हादसा खरसिया रायगढ़ रोड पर देर रात हुआ। लोहे की छड़ों से लदा ट्रेलर सड़क से गुजर रहा था, इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूट गया और ट्रेलर आगे बढ़ते हुए एक मकान में जा घुसा। बताया जा रहा है कि आगजनी की इस घटना में दो घरों में भी भारी नुकसान हुआ है, आग लगने और टक्कर के कारण दो मकानों के अंदर रखे सामान आग की चपेट में आ गए थे, साथ ही इस घटना के दौरान गाड़ी चालक ने वाहन से कूद कर अपनी जान बचाई है।


हादसे के दौरान घर के पास खड़ी तीन मोटरसाइकिलें भी आग की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते जलकर राख हो गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त होने के कारण आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की। बिजली विभाग की टीम को भी सूचना देकर क्षतिग्रस्त खंभे और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
रात के समय हुए इस हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की रफ्तार और सड़क किनारे बसे घरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

  • Top Search