रायगढ़। भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुशवाबहरी में अज्ञात चोर ने एक मकान का ताला तोड़कर करीब 90 हजार रुपये का माल पार कर दिया। चोरी की वारदात में करीब 40 हजार रुपये के सोने के जेवरात और 50 हजार रुपये की नगदी शामिल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुशवाबहरी निवासी हरिशचंद पिता चमार सिंह (75 वर्ष) खेती-किसानी का काम करते हैं। बताया गया कि 7 सितंबर की दोपहर करीब 3:30 बजे वे खेत से काम करके अपने घर लौटे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि सामने का गेट खुला हुआ था।
घर के अंदर जाकर देखने पर लकड़ी की आलमारी का लॉक टूटा मिला। आलमारी की जांच करने पर उसमें रखी 50 हजार रुपये की नगदी तथा करीब 40 हजार रुपये कीमत के सोने की बाली और फूली गायब मिले। पीड़ित के अनुसार, उसकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर किसी अज्ञात चोर ने घर का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर आलमारी से नगदी व जेवरात चोरी कर लिए।
पीड़ित ने चोरी गए जेवरात को देखने पर पहचान लेने की बात कहते हुए भूपदेवपुर थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। आवेदन के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 331(3) और 305(A) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अज्ञात चोर की पतासाजी में जुटी है।
