रायगढ़। कोतरा रोड थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद घायल बाइक सवार की मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर टक्कर मारने और अज्ञात व्यक्ति पर उसकी बाइक चोरी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार राजीव नगर, गली नंबर-2 निवासी नीतीश सिंह डुमरपाली स्थित टोरेंट पावर कंपनी में सुरक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। 7 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-AH-2285 से घर लौट रहे थे।
बताया गया कि साधुराम विद्या मंदिर, कोसमनारा के पहले मेन रोड के पास सामने चल रहे ट्रैक्टर क्रमांक CG-13-BL-9024 को ओवरटेक करने के दौरान ट्रैक्टर चालक ने अचानक गलत दिशा में मोड़ दिया। इससे ट्रैक्टर की बाइक को साइड से जोरदार टक्कर लग गई और नीतीश बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके दाहिने हाथ की कलाई, कंधे और हथेली तथा बाएं पैर में चोट आई।
हादसे के बाद नीतीश ने ट्रैक्टर को रुकवाने के लिए मोटरसाइकिल से लिफ्ट लेकर करीब 100 मीटर तक उसका पीछा किया और चालक से बातचीत की। इसके बाद जब वह अपनी बाइक लेने वापस घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां बाइक नहीं मिली। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने हादसे के बाद मौके से उनकी पल्सर मोटरसाइकिल चोरी कर ली।
पीड़ित ने बाइक की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताते हुए ट्रैक्टर चालक और अज्ञात बाइक चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
