40 ग्राहकों से वसूले 7.58 लाख, कंपनी में नहीं किया जमा, कलेक्शन एजेंट पर गबन का केस, भारत फाइनेंस की रायगढ़ शाखा में सामने आया मामला

रायगढ़। शहर में भारत फाइनेंस कंपनी के एक कलेक्शन एजेंट पर ग्राहकों से किस्त के रूप में वसूली गई 7 लाख 58 हजार 937 रुपए की राशि कंपनी में जमा नहीं करने का आरोप लगा है। आरोप है कि एजेंट ने करीब 40 ग्राहकों से रकम वसूलने के बाद उसे कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय गबन कर दिया। मामला सामने आने के बाद कंपनी के ब्रांच मैनेजर ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

40 ग्राहकों से वसूली रकम, कंपनी में नहीं की जमा
पुलिस के अनुसार, महासमुंद जिले के ग्राम जोगीपाली निवासी वासुदास मानिकपुरी (35) भारत फाइनेंस कंपनी की रायगढ़ शाखा में ब्रांच मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं। वहीं सक्ती जिले के ग्राम अमेराडीह निवासी विक्रम सिंह सिदार (20) कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत था।

कलेक्शन एजेंट की जिम्मेदारी कंपनी के ग्राहकों से ऋण की किस्त की राशि वसूल कर उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत शाखा में जमा करना था। शिकायत के मुताबिक, 1 दिसंबर 2023 से 31 अगस्त 2024 के बीच विक्रम सिंह सिदार ने कंपनी के करीब 40 ग्राहकों से कुल 7,58,937 रुपए की किस्त राशि वसूल की।

आरोप है कि ग्राहकों से रकम लेने के बावजूद उसने यह राशि कंपनी की शाखा में जमा नहीं की। इसके बाद वह कार्यालय आना भी बंद कर दिया।

हिसाब-किताब में गड़बड़ी से खुला मामला
कंपनी के रिकॉर्ड और हिसाब-किताब की जांच के दौरान वसूली गई रकम और जमा राशि में अंतर सामने आया। इसके बाद मामले की पड़ताल की गई तो कलेक्शन एजेंट द्वारा ग्राहकों से रकम वसूलने के बावजूद कंपनी में जमा नहीं किए जाने की जानकारी सामने आई।

मामले की जानकारी मिलने के बाद ब्रांच मैनेजर वासुदास मानिकपुरी ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

BNS की धारा 316(5) के तहत मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह सिदार के खिलाफ धारा 316(5) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कंपनी के रिकॉर्ड, ग्राहकों से संबंधित जानकारी तथा लेन-देन के दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच के बाद यह स्पष्ट करेगी कि कंपनी की राशि किस तरह गबन की गई और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं।

  • Top Search

    Popular Post

    Most Read