रायगढ़/सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया में एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे बिना नंबर के नीले रंग के स्वराज ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार के सिर, माथे, बाएं हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पहचान कान्हा चौहान के रूप में हुई है। वह ग्राम पुजेरीपाली का निवासी था। 13 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 4 बजे वह अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से घरेलू सामान खरीदने के लिए सरिया जा रहा था। इसी दौरान सरिया शराब भट्ठी के पास मेन रोड पर एक बिना नंबर के नीले रंग के स्वराज ट्रैक्टर के चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कान्हा चौहान को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
मामले में प्रार्थी बसंत चौहान (42 वर्ष), निवासी पुजेरीपाली, ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सरिया पुलिस ने देहाती नालसी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस हादसे के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

