रायगढ़-जशपुर मार्ग पर हाथियों की दस्तक, सड़क पर डटे गजराज तो थम गई वाहनों की रफ्तार, कई घंटे रहा यातायात प्रभावित


रायगढ़। रायगढ़-जशपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब जंगल से निकलकर दो हाथी अचानक सड़क किनारे पहुंच गए। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

दोनों हाथी काफी देर तक सड़क के आसपास और मार्ग पर चहल-कदमी करते रहे। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोग सुरक्षित दूरी से हाथियों की तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद करते नजर आए। हाथियों की मौजूदगी के कारण वाहन चालकों ने आगे बढ़ने के बजाय वहीं रुकना ही मुनासिब समझा।

बताया जा रहा है कि इस इलाके के जंगलों में लंबे समय से करीब 49 हाथियों का बड़ा दल विचरण कर रहा है। यह दल लगातार सुबह और शाम के समय सड़क के आसपास पहुंच रहा है, जिसके कारण रायगढ़- जशपुर मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों में दहशत बनी हुई है।
बुधवार शाम भी दो हाथियों के सड़क पर पहुंचने के बाद काफी देर तक यातायात थमा रहा। हाथियों के वापस जंगल की ओर जाने के बाद ही वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।

इस दौरान हाथियों ने एक ट्रेलर वाहन के सामने के कांच को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही कि हाथियों के वाहन के करीब पहुंचने से पहले ही चालक ट्रेलर को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर निकल गया था। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
लगातार सड़क के किनारे पहुंच रहे हाथियों के चलते इस मार्ग पर सफर करने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। अब जरूरत इस बात की है कि हाथियों की आवाजाही वाले हिस्से में वन विभाग और यातायात अमला विशेष निगरानी रखे, ताकि इंसान और हाथी दोनों सुरक्षित रहें।

  • Top Search

    Popular Post

    IMG-20261008-WA0395
    IMG-20261008-WA0297
    IMG-20261008-WA0403
    20261008_081729

    Most Read