एमसीसी के सिर सजा महाराजा अग्रसेन प्रीमियर लीग का ताज, मां बंजारी बनी उपविजेता, ए.पी.एल का शानदार समापन,अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान एवं एसएसपी शशि मोहन सिंह रहे मुख्य अतिथि

रायगढ़ 6 अक्टूबर : महाराजा श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव के अंतर्गत आयोजित पांच दिवसीय महाराजा श्री अग्रसेन प्रीमियर लीग (एपीएल) का भव्य एवं रोमांचक समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में एमसीसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मां बंजारी को पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। पांच दिनों तक चले इस डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में 18 गोत्रों की टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबले देखने को मिले और पूरे आयोजन में खेल भावना, उत्साह एवं रोमांच का माहौल बना रहा।

फाइनल में शैलेश ने मचाया धमाल
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर एमसीसी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मां बंजारी ने 8 ओवर में 84 रन बनाए। टीम की ओर से यश ने 19, आयुष ने 18 और निकेश ने 18 रन बनाए। एमसीसी की ओर से सुमित अग्रवाल एवं सजन अग्रवाल ने 2-2 विकेट हासिल किए।

85 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमसीसी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया। एमसीसी के बल्लेबाज शैलेश अग्रवाल ने मात्र 13 गेंदों में 63 रन की विस्फोटक पारी खेलकर फाइनल मुकाबले को एकतरफा कर दिया और टीम को चैंपियन बना दिया। मां बंजारी उपविजेता रही।

शैलेश ने जीते तीन बड़े व्यक्तिगत पुरस्कार

टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए एमसीसी के शैलेश अग्रवाल को मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बल्लेबाज एवं बेस्ट फील्डर के तीनों पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं बेस्ट बॉलर का पुरस्कार अंकुर अग्रवाल (एजीआरएसएआर) एवं सुमित अग्रवाल (एमसीसी) को प्रदान किया गया।

राजेश चौहान ने की आयोजन की जमकर सराहना

फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राजेश चौहान एवं रायगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में रामचंद्र शर्मा, सचिव जिला क्रिकेट एसोसिएशन, योगेश साह, पूर्व ज्वाइंट सेक्रेटरी छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ, विजय अग्रवाल (एन.आर. इस्पात) एवं अजय अग्रवाल (नर्मदा इस्पात) सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान ने अग्र समाज द्वारा आयोजित इस शानदार क्रिकेट टूर्नामेंट की व्यवस्थाओं एवं आयोजन की जमकर सराहना की। उन्होंने अपने क्रिकेट जीवन के कई यादगार प्रसंग खिलाड़ियों एवं समाज के लोगों के साथ साझा किए तथा खिलाड़ियों से संवाद कर उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अग्रसेन प्रीमियर लीग का आयोजन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की तर्ज पर बेहद शानदार तरीके से किया गया है। उन्होंने आयोजन समिति की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ आपसी एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने राजेश चौहान के भिलाई से जुड़ाव और उनके क्रिकेट जीवन से संबंधित कई प्रसंग भी साझा किए।

विजेताओं के साथ बॉक्स क्रिकेट खिलाड़ियों का भी सम्मान

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि एवं अतिथियों ने एपीएल की विजेता एमसीसी, उपविजेता मां बंजारी सहित सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समिति सदस्यों ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया तथा आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार एवं सम्मान व्यक्त किया।

व्यवस्थित आयोजन के लिए क्रिकेट प्रभारियों की रही अहम भूमिका

पांच दिवसीय डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में क्रिकेट प्रभारी विनोद महामिया, मुकेश गोयल, अनूप बंसल, दिनेश गर्ग, सजन अग्रवाल, तरसेम अग्रवाल, विशाल सिंघानिया, अमन बंसल एवं मनीष पालीवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पूरे पुरस्कार वितरण समारोह का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन मुकेश गोयल ने किया। उनके शानदार संचालन से कार्यक्रम में लगातार उत्साह एवं जीवंतता बनी रही।

आयोजन को सफल बनाने में श्री अग्रसेन सेवा संघ एवं जयंती आयोजन समिति से मुकेश मित्तल कलानोरिया, अनूप बंसल, प्रदीप गर्ग, रवि अग्रवाल (सी.ए.), अशोक अग्रवाल (ब्लूचिप), मुकेश गोयल, संजय अग्रवाल (पत्थलगांव), मनीष पालीवाल एवं प्रकाश निगानिया सहित समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

पांच दिनों तक चले इस क्रिकेट महाकुंभ के शानदार समापन के साथ ही अग्रसेन जयंती महोत्सव में खेल और सामाजिक एकजुटता का एक और यादगार अध्याय जुड़ गया।

  • Top Search

    Popular Post

    IMG-20261006-WA0322
    IMG-20261006-WA0379
    IMG-20261006-WA0358
    20261006_090408

    Most Read