Raigarh News: पत्नी को मनाने ससुराल पहुंचा पति, लौटते समय पेड़ से टकराई ओमिनी, हादसे में अशोक पटेल की मौत, जांच में जुटी पुलिस


रायगढ़। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी के मायके चले जाने पर उसे मनाने पहुंचा पति वापस लौटते समय सड़क हादसे का शिकार हो गया। फाकरमार-जोबी चौकी के पास तेज रफ्तार ओमिनी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए रायगढ़ अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर चक्रधरनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अशोक पटेल (33), निवासी रामपुर करतला मजदूरी का काम करता था। उसने लोन पर ओमिनी वाहन खरीदा था और उसे स्कूल में लगाकर रोजगार करने की तैयारी में था। अशोक की पत्नी रायगढ़ के दर्रामुड़ा क्षेत्र की रहने वाली है। दोनों के चार बेटियां और एक बेटा है।
बताया जा रहा है कि 16 सितंबर को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी नाराज होकर 18 सितंबर को अपने मायके दर्रामुड़ा आ गई थी। परिजनों के मुताबिक, अशोक के शराब पीने को लेकर भी दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।
19 सितंबर को अशोक अपनी पत्नी को मनाने ओमिनी वाहन से उसके मायके पहुंचा था। पत्नी के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद अशोक ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। उस समय घर में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। पत्नी ने पैसे देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर वह नाराज हो गया और गुस्से में वाहन लेकर वापस रामपुर की ओर रवाना हो गया।
इसी दौरान फाकरमार-जोबी चौकी के पास तेज रफ्तार ओमिनी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अशोक को उपचार के लिए रायगढ़ भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद परिजन रायगढ़ पहुंचे। वहीं चक्रधरनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और दुर्घटना की परिस्थितियों के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।

  • Top Search