Breaking News; बस-ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, 40-50 यात्रियों के घायल होने की खबर, बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त, चालक की हालत गंभीर

रायगढ़। धरमजयगढ़ के कोयलर क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर जा रही यात्री बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के वक्त बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में बड़ी संख्या में यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं बस चालक के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि बस धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक विपरीत दिशा से धरमजयगढ़ की ओर आ रहा था। इसी दौरान कोयलर के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की जानकारी है।
कोयलर क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल हादसे में घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

  • Top Search