रायगढ़:- कहते हैं जब घर में लक्ष्मी आती है तो पहला आशीर्वाद ईश्वर से लिया जाता है। कुछ ऐसा ही मनोरम दृश्य श्याम मंडल के श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में देखने को मिला, जहाँ सुनील कुमार जी के परिवार में आई नन्ही परी वियाना ने बाबा श्याम के श्री चरणों में अपनी पहली हाजिरी लगाई।
श्री सुनील कुमार एवं श्रीमती सीमा अग्रवाल ने अपने लाडले पुत्र वैभव, बहू अनुशिखा और अपनी प्राण-प्रिय पोती नन्ही वियाना के कोमल हाथों से श्याम बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया। नन्ही वियाना जब अपने छोटे-छोटे हाथों से बाबा को भोग लगा रही थी, तो श्याम दरबार में मौजूद हर भक्त का हृदय भाव-विभोर हो उठा।
परिवार ने मांगी दीर्घायु और संस्कारी जीवन की दुआ
इस अवसर पर पूरे परिवार ने बाबा श्याम से एक ही अरदास लगाई - "हे बाबा, हमारी नन्ही गुड़िया पर अपनी कृपा सदैव बनाए रखना। इसे सुखी, स्वस्थ, संस्कारी और दीर्घायु जीवन देना और इसके जीवन के हर कदम को खुशियों से भर देना। यह सिर्फ एक पूजा नहीं, बल्कि एक दादा-दादी का अपनी पोती के प्रति अटूट प्रेम और विश्वास था।
दो परिवारों का संगम बना उत्सव
इस भावपूर्ण पल के साक्षी वियाना के नाना-नानी, श्री मनोज अग्रवाल और श्रीमती रेखा अग्रवाल भी बने। समधी-समधन दोनों परिवारों ने एक साथ श्याम दरबार में माथा टेका और नातिन वियाना के लिए सुख-शांति-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। वियाना के ताऊ श्री बजरंग लेन्द्रा भी सपत्नीक इस पारिवारिक उत्सव में शामिल हुए और उन्होंने भी अपनी पोती वियाना के मंगल भविष्य की कामना की। पिता वैभव ने अपनी पत्नी के साथ बाबा के दरबार में जयकारा लगाते हुए अपनी बिटिया के लिए आशीर्वाद लिया। श्याम झांकियों के दिव्य दर्शन के बीच हुए इस पारिवारिक आयोजन में सुनील जी के सभी इष्ट मित्र और सगे-संबंधी मौजूद रहे। सभी ने नन्ही वियाना को खूब आशीर्वाद दिया।
