रायगढ़। मुंबई-एलटीटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रही झारखंड की एक महिला का लेडिस हैंड पर्स अज्ञात चोर ने पार कर दिया। पर्स में सोने के झुमके, नकद राशि समेत करीब 42 हजार रुपये का सामान रखा था। महिला को चोरी का पता शक्ति रेलवे स्टेशन के पास चला। मामले की रिपोर्ट जीआरपी दुर्ग में दर्ज कराई गई, जिसके बाद शून्य अपराध डायरी ऑनलाइन माध्यम से जीआरपी थाना रायगढ़ भेजी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार संजु साहू (48), पति गणेश राम साहू, निवासी काशीडीह, थाना साक्षी, टाटानगर, जमशेदपुर (झारखंड) 11 सितंबर को ट्रेन नंबर 18030 मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में टाटानगर से दुर्ग की यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान ट्रेन जब शक्ति रेलवे स्टेशन के आसपास पहुंची और सुबह करीब 5:10 बजे उन्होंने अपना सामान देखा तो लेडिस हैंड पर्स गायब मिला।
पर्स में करीब 12 ग्राम वजन के सोने के एक जोड़ी झुमके, जिसकी अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये बताई गई है, के अलावा 7 हजार रुपये नकद, पैन कार्ड, आधार कार्ड और वोटर आईडी रखे थे। महिला के मुताबिक किसी अज्ञात व्यक्ति ने यात्रा के दौरान उनका पर्स चोरी कर लिया।
पर्स गायब होने का पता चलने के बाद महिला ने ट्रेन में ड्यूटी पर मौजूद आरपीएफ स्टाफ को इसकी सूचना दी। उन्हें दुर्ग पहुंचकर जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही गई। यात्रा पूरी करने के बाद संजु साहू ने जीआरपी चौकी दुर्ग पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर जीआरपी चौकी दुर्ग से शून्य अपराध क्रमांक 40/26, धारा 305(सी) बीएनएस के तहत अपराध डायरी तैयार कर ऑनलाइन माध्यम से जीआरपी थाना रायगढ़ भेजी गई। जीआरपी थाना रायगढ़ में प्राप्त शून्य अपराध डायरी के आधार पर असल अपराध क्रमांक 53/26 कायम कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
पुलिस अब ट्रेन में महिला के सफर के दौरान पर्स चोरी करने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी है। साथ ही ट्रेन के संबंधित कोच और यात्रा के दौरान महिला के संपर्क में आए संदिग्ध यात्रियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
