रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अपनी मां और दल से बिछड़ा हाथी शावक भटकते हुए रविवार की सुबह रिहायशी इलाके में आ पहुंचा। हाई स्कूल के ठीक सामने हाथी शावक के आने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर शावक को जंगल की तरफ ले जाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के बोरो रेंज के चाल्हा मे हाथी शावक बीते चार दिनों से अपने झुंड से अलग होकर अकेले ही जंगल और आसपास के इलाकों में भटक रहा है। वन विभाग की टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है और प्रयास किया जा रहा है कि शावक सुरक्षित तरीके से अपने दल और मां तक पहुंच सके।
रविवार की सुबह तकरीबन 10 बजे जब शावक चाल्हा के हाई स्कूल के सामने पहुंचा तो कुछ देर के लिए लोगों की चिंता बढ़ गई। स्कूल परिसर और आसपास घनी बस्ती होने के कारण वन अमले ने तत्काल सुरक्षा घेरा मजबूत किया। लोगों को शावक के नजदीक जाने से रोकते हुए वन विभाग की निगरानी टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को टाला जा सके।
वन विभाग की मौजूदगी और लगातार निगरानी के बीच कुछ समय बाद शावक वहां से आगे बढ़ गया और काचीरा के जंगलों की दिशा में निकल गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली, लेकिन शावक के झुंड से अलग होने को लेकर निगरानी जारी रखी गई है।
फिलहाल वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम शावक की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। विभाग की कोशिश है कि शावक को सुरक्षित रखते हुए उसे उसके झुंड और मां से मिलाया जा सके। वहीं, ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि शावक को देखने के लिए उसके करीब न जाएं और उसकी गतिविधियों में किसी तरह का हस्तक्षेप न करें।
