वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर, मुख्यमंत्री समेत वरिष्ठ नेताओं ने जताया शोक…“कलम के सिपाही” ने पत्थलगांव-जशपुर की हर आवाज को शासन तक पहुंचाया

पत्थलगांव/जशपुर। छत्तीसगढ़ के पत्रकारिता जगत ने आज एक बेबाक, निडर और सहज व्यक्तित्व वाले वरिष्ठ पत्रकार को खो दिया। पत्थलगांव, जशपुर के वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा का आज सुबह करीब 5 बजे निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर दौड़ गई।

सहज व्यक्तित्व, पूरी उम्र पत्रकारिता को समर्पित
रमेश शर्मा का व्यक्तित्व जितना सहज और सरल था, उनकी कलम उतनी ही पैनी, निर्भीक और प्रभावशाली थी। उन्होंने अपना पूरा जीवन पत्रकारिता और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समर्पित कर दिया।
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत अमृत संदेश से की। इसके बाद उन्होंने देशबंधु, दैनिक भास्कर, पीटीआई, यूनिवार्ता और आईबीसी-24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं। लंबे पत्रकारिता जीवन में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और अनेक पीढ़ियों के पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत बने।

जनता की आवाज को शासन तक पहुंचाने वाले पत्रकार
रमेश शर्मा महज एक रिपोर्टर नहीं थे, बल्कि पत्थलगांव और जशपुर की जनता की आवाज थे। मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक से लेकर गांव के अंतिम व्यक्ति तक उनका सीधा संवाद था।
क्षेत्र की समस्याओं, जनहित के मुद्दों और आम लोगों की परेशानियों को उन्होंने हमेशा प्रमुखता से उठाया। उनकी खबरों ने कई बार शासन-प्रशासन का ध्यान जमीनी समस्याओं की ओर खींचा और जरूरतमंद लोगों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाया।
उनकी पत्रकारिता की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि वे सत्ता से सवाल पूछने में कभी पीछे नहीं हटे और आम जनता के पक्ष में मजबूती से खड़े रहे। यही वजह थी कि पत्थलगांव-जशपुर में उनकी पत्रकारिता को लंबे समय तक सम्मान और भरोसे की नजर से देखा गया।

पत्रकारिता जगत में छोड़ी अमिट छाप
रमेश शर्मा का निधन केवल उनके परिवार और करीबी लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके साथ काम करने वाले पत्रकार उन्हें एक अनुभवी, सहयोगी और मार्गदर्शक के रूप में याद कर रहे हैं।
साथी पत्रकारों का कहना है कि “रमेश भैया ने हमें सिखाया कि पत्रकारिता सिर्फ खबर लिखने का काम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है।”
मुख्यमंत्री सहित कई जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
रमेश शर्मा के निधन पर पत्रकार संगठनों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित अन्य नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
रमेश शर्मा के निधन से जशपुर ने अपनी एक बुलंद आवाज, पत्थलगांव ने अपना सजग प्रहरी और छत्तीसगढ़ ने एक बेबाक एवं सच्चा कलमकार खो दिया है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जायेगा

  • Top Search

    Popular Post

    Ramesh
    eae2fe39-d34f-4b71-88ae-c2bc64a2e4ed
    04
    2

    Most Read