कुलसचिव गिरफ्तार, कर्मचारी के वेतन से ₹1.49 लाख गबन का आरोप

भिलाई नगर। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से 1 लाख 49 हजार 384 के गबन के मामले में मोहन नगर पुलिस ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) में प्रकरण दर्ज किया है।

थाना प्रभारी मोहन नगर ने बताया कि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की अर्धकुशल दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी श्रीमती शुभांगी मराठे ने शिकायत की थी विश्वविद्यालय द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट, बैंक अभिलेख और यूपीआई ट्रांजेक्शन की जांच में वित्तीय अनियमितता सामने आई।

जांच में पता चला कि कर्मचारी को प्रतिमाह 11 हजार 515 वेतन मिलता था, लेकिन आरोपी द्वारा उसे कथित रूप से केवल 2 हजार 200 रूपये दिए जाते थे और शेष राशि फोन पे एवं पेटीएम के माध्यम से उदय कुलदीप के बैंक खाते में ट्रांसफर कराई जाती थी।

पुलिस के मुताबिक, 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2026 के बीच इस तरह कुल 1 लाख 49 हजार 384 की राशि दूसरे खाते में स्थानांतरित कराई गई। आरोपी तत्कालीन कुलसचिव के पद पर रहते हुए कर्मचारी पर दबाव बनाकर वेतन की राशि का अधिकांश हिस्सा डिजिटल माध्यम से अन्य खाते में ट्रांसफर करवाता था। जांच समिति की रिपोर्ट और बैंक-यूपीआई रिकॉर्ड समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराध की पुष्टि होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की वैधानिक विवेचना जारी है।

  • Top Search