RAIGARH NEWS पत्नी के खाते से बिना सहमति निकाली गई 2.84 लाख रुपये की राशि, थाने में शिकायत

रायगढ़। जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर उसके बैंक खाते से बिना अनुमति लाखों रुपये निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना भूपदेवपुर में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम किरीतमाल निवासी प्रभा डनसेना वर्तमान में विकास नगर, रायगढ़ में रह रही हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया है कि निजी कारणों से उनका अपने पति मनोज डनसेना से विवाद चल रहा है और वर्ष 2024 से दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। उनके बीच तलाक एवं भरण-पोषण का मामला कुटुम्ब न्यायालय रायगढ़ में विचाराधीन है।
प्रभा डनसेना के अनुसार, उनके नाम से ग्रामीण बैंक भूपदेवपुर में एक बचत खाता संचालित है, जिसमें वे लंबे समय से अपनी बचत राशि जमा करती आ रही थीं। आरोप है कि पति मनोज डनसेना ने दोनों के बीच चल रहे विवाद और अलगाव की स्थिति का लाभ उठाते हुए उनकी जानकारी और सहमति के बिना बैंक में आवेदन प्रस्तुत किया तथा खाते में अपना नाम जोड़कर उसे संयुक्त (ज्वाइंट) खाता बनवा लिया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद उनके खाते में जमा 2 लाख 84 हजार 710 रुपये की पूरी राशि 3 जुलाई 2024 को निकाल ली गई। इस घटना की जानकारी उन्हें तब मिली जब वे स्वयं बैंक पहुंचकर राशि निकालने गईं। बैंक कर्मचारियों से पूछताछ करने पर उन्हें खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी प्राप्त हुई।
पीड़िता ने कहा कि उनकी मेहनत और बचत की राशि निकाले जाने से वे आर्थिक रूप से संकट में आ गई हैं तथा मानसिक रूप से भी अत्यधिक परेशान हैं। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी उनके भाई कैलाश डनसेना एवं पिता दिनेश कुमार डनसेना को भी है।
महिला ने थाना प्रभारी भूपदेवपुर से मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर दोषी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने तथा उनकी जमा राशि वापस दिलाने की मांग की है। शिकायत के बाद मामले को लेकर स्थानीय क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है।

  • Top Search

    Most Read