रायगढ़। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चपले के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। हादसा देर रात उस समय हुआ जब तीनों युवक रायगढ़ से घूमकर अपने गांव लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील सिदार (26 वर्ष), निवासी ग्राम सरगबुंदिया, थाना उरगा, जिला कोरबा, 11 जुलाई की शाम करीब 6 बजे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BT 3902 से दोस्तों कैलाश तंवर और विशाल साहू के साथ रायगढ़ घूमने गया था। रात में वापस लौटते समय मोटरसाइकिल विशाल साहू चला रहा था।
बताया गया है कि रायगढ़ में देर रात तक घूमने के बाद तीनों युवक वापस अपने गांव की ओर निकले। रास्ते में कुनकुनी ढाबा में भोजन करने के बाद वे आगे बढ़े। इसी दौरान चपले के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोटरसाइकिल चला रहे विशाल साहू को अचानक झपकी आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में सुनील सिदार के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चपले ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान सुनील सिदार ने दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में विशाल साहू और कैलाश तंवर को भी चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के पिता मान सिंह सिदार (61 वर्ष) अपने परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि रात करीब 12:23 बजे विशाल साहू का फोन आया था, जिसमें दुर्घटना की सूचना दी गई थी। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पुत्र की मौत की जानकारी मिली।
पुलिस ने मामले में मर्ग क्रमांक 81/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का पाया गया है। मृतक के परिजनों ने किसी प्रकार की आशंका व्यक्त नहीं की है। पुलिस पंचनामा एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई कर मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
