घरघोड़ा। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन (OHE) लाइन में चोरी का गंभीर मामला सामने आया है। रेलवे के संपर्क (Contact) एवं कैटनरी (Catenary) तार सहित अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों की चोरी से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनबोध दास महंत (53 वर्ष), पिता स्व. सुखदास महंत, निवासी ग्राम कुडुमकेला, थाना घरघोड़ा, ने दिनांक 12 जुलाई 2026 को थाना घरघोड़ा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 11 जुलाई 2026 की देर रात लगभग 3:25 बजे से 3:55 बजे के बीच कारीछापर से कुडुमकेला के मध्य रेलवे खंभा क्रमांक 47/03 से 47/06 के बीच अज्ञात चोरों ने रेलवे की OHE लाइन में लगे कॉपर वायर एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की चोरी कर ली।
शिकायत के अनुसार घटना स्थल लमडाड़ गांव के समीप जंगल क्षेत्र में स्थित है। चोरी हुए सामानों में रेलवे के संपर्क तार, कैटनरी तार एवं अन्य उपकरण शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई है। घटना के दौरान 43 किलोमीटर से 48 किलोमीटर के मध्य सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात गनमैन कांशी सिंह पेट्रोलिंग कर रहे थे।
रेलवे की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण उपकरणों की चोरी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। आवेदन के अवलोकन उपरांत प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किए जाने योग्य पाया गया है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है तथा आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल की जा रही है।
