अंबिकापुर। सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक सनसनी मामला सामने आया है। जहां एक शख्स ने पिछले दिनों मोबाईल टूट जाने के कारण डंडे से पीट-पीटकर अपने ही दोस्त की हत्या कर दी और पत्नी के साथ मिलकर शव अपने ही घर में दफनाया। बाद में एक सप्ताह बाद थाने पहुंचकर बोला कि उसे भुत दिखाई देता है। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर इलाके की है।
काकाजी न्यूज के Whatsapp ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें 👉️KakajeeNews.com👈️
यह घटना 24-25 मार्च रात की है। मृतक की पहचान बृजलाल अगरिया (35) के रूप में हुई है, जो शराब के नशे में अपने दोस्त मिथलेश कुजूर (37) के घर पहुंचा था। इस दौरान उसने मिथलेश को साथ बैठकर शराब पीने के लिए कहा, लेकिन नवरात्रि होने के कारण मिथलेश ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच झूमाझटकी हुई, जिसके दौरान मिथलेश का मोबाइल फोन गिरकर टूट गया। मोबाइल टूटने से गुस्साए मिथलेश ने पास में रखे डंडे से बृजलाल के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बृजलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी साथ मिलकर शव दफनाया
हत्या के बाद आरोपी मिथलेश ने अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ मिलकर शव को छिपाने की योजना बनाई। उन्होंने घर में पहले से खोदे गए एक गड्ढे में शव को डाल दिया। इसके बाद गड्ढे को प्लाईबोर्ड से ढककर ऊपर मिट्टी डाल दी, ताकि किसी को शक न हो।
बार-बार दिखता है दोस्त का भूत
घटना के बाद दोनों पति-पत्नी घर छोड़कर कुछ दिनों तक रिश्तेदारों के यहां छिपे रहे। इस दौरान मिथलेश मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। मंगलवार रात मिथलेश गांधीनगर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी मिथलेश ने पुलिस को बताया कि उसे बार-बार अपने दोस्त का “भूत” दिखाई देता था, जो उससे अंतिम संस्कार कराने की बात कहता था।
आरोपी के घर से शव बरामद
आज सुबह सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम, न्यायिक मजिस्ट्रेट, तहसीलदार और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में आरोपी के घर पहुंची। आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर खुदाई कराई गई, जहां से बृजलाल का शव बरामद हुआ। करीब एक सप्ताह तक दफन रहने के कारण शव सड़ने लगा था।
पति-पत्नी दोनो हुए गिरफ्तार
पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस पूरे मामले में गांधीनगर पुलिस ने आरोपी मिथलेश कुजूर और उसकी पत्नी राजकुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।