बेमेतरा। बेमेतरा शहर के मुक्तिधाम में अस्थियां चोरी होने का मामला सामने आया है। अंतिम संस्कार के बाद रात में घटना हुई,जिससे परिजनों में आक्रोश है। इसे लेकर आज रविवार को परिजनों ने सिटी कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई है। लोग इसे तांत्रिक क्रिया से जोड़कर देख रहे हैं। कोतवाली थाना पहुंची नंदनी ने बताया कि उनकी बेटी का 9 तारीख को सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया था। लेकिन, परिवार के लोग आज जब मुक्तिधाम गए तो वहां अस्थियां नहीं थी। इसी प्रकार गजेन्द्र यादव ने बताया कि मुक्तिधाम में चिता देखने पहुंचे,तो अस्थियां गायब मिलीं। चिता के पास ही बंधन, सिंदूर, टिकली, चिमटी, नींबू, मटकी समेत कई सामान मिले है। इस मामले को लेकर पुलिस से जांच की मांग किया है। बता दे कि शहर में पहले भी इस तरह की घटना हो चुकी है।
दिसंबर 2023 में मुक्तिधाम से शव की अस्थि गायब मिली थी। तब भी परिजनों ने पुलिस व नगर पालिका में शिकायत दर्ज कराई गई थी। अब दो साल बाद ये दूसरी घटना सामने आई है। शहर में इस घटना को लेकर चर्चा है व लोग तांत्रिक क्रिया की आशंका जता रहे हैं।