रायगढ़। श्री श्याम मंडल के एक पक्ष ने वर्तमान में मंडल के संचालन व आंतरिक व्यवस्था सहित अन्य विषयों पर गंभीर अनियमितता व मनमानी बरतने का आरोप लगाकर चुनाव का बहिष्कार कर दिया है। शुक्रवार दिनांक 18:05:25 को मंडल चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन हुए बड़े घटनाक्रम में मंडल के एक पक्ष के सदस्यों ने नामांकन ही जमा नहीं किया, जबकि उन्होंने पूर्व में चुनाव लडऩे के लिए नामांकन पत्र लिए थे। उसके बाद उन्होंने चुनाव अधिकारी के समक्ष कई बिंदुओं पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
श्री श्याम मंडल के अध्यक्ष सहित कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों के लिए वर्तमान में चुनाव प्रक्रिया चल रही है, जिसके तहत शुक्रवार को नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि थी। लेकिन इसी दिन एक बड़े घटनाक्रम में मंडल सदस्यों के एक पक्ष ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान कर दिया और चुनाव अधिकारी को अपनी ओर से लिखित आपत्ति दर्ज कराते हुए मंडल के संचालन, आंतरिक व्यवस्था के साथ चुनाव प्रक्रिया में मनमानी बरतने सहित कई गंभीर आरोप लगाए। मंडल की वर्तमान कार्यकारिणी के क्रियाकलापों से असंतुष्ट पक्ष के सदस्यों ने चुनाव अधिकारी को सौंपे आवेदन में कहा है कि संस्था का वर्ष 2024-25 का आय-व्यय विवरण बिना ऑडिट के प्रस्तुत किया गया, जो संविधान एवं लेखांकन सिद्धांतों के विरुद्ध है। सदस्यों को इस आय व्यय विवरण के संबंध में कोई प्रति भी उपलब्ध नहीं कराई गई। इसी तरह कार्यकारिणी द्वारा नए सदस्यों की मनोनीत प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई। समिति की बैठक की कार्यवाही भी सदस्यों को नहीं सौंपी गई। मंदिर की संपत्ति की बिक्री से संबंधित निर्णय बिना आम सहमति या अधिवेशन के लिए गए, जो संस्था की आस्थागत और संवैधानिक मर्यादा को धूमिल करता है। इस पक्ष के सदस्यों का यह भी कहना है कि संस्था में हाल ही में ऐसी घटनाएं घटित हुई हैं, जिनमें बहूमूल्य सामग्री की हानि हुई है, जिसका सही आंकलन समस्त सदस्यों को सूचित नहीं किया गया है। यह पारदर्शिता के बुनियादी सिद्धांतों के विपरीत है। इन बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए यह स्पष्ट है कि वर्तमान चुनाव प्रक्रिया न तो निष्पक्ष है, न ही पारदर्शी और न ही संस्था के आदर्शों के अनुरूप। इसलिए हम सभी सदस्यगण इस चुनाव का सामूहिक रूप से बहिष्कार करते हैं और मांग करते हैं कि संस्था में घटित सभी गंभीर घटनाओं की निष्पक्ष जांच हो और चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक रीति से पुन: संचालित किया जाए। इस संबंध में श्याम मंडल के 26 सदस्यों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन चुनाव अधिकारी को सौंपा गया है।