रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। धरमजयगढ़ वन मंडल में इन दिनों 154 जंगली हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। इनमें 47 नर, 76 मादा और 31 शावक शामिल हैं। हाथियों के इन दलों की आवाजाही के बीच बीती रात 17 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, मंगलवार दोपहर छाल रेंज के बोजिया परिसर अंतर्गत झूनगाबेवरा जंगल में हाथियों के एक दल की मौजूदगी सामने आने के बाद वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
मिली जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ वन मंडल के अलग-अलग वन क्षेत्रों में हाथियों के दल लगातार विचरण कर रहे हैं। इस दौरान हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। बीती रात हाथियों के दल ने 17 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। जिसके बाद वन विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
इधर, मंगलवार की दोपहर छाल रेंज के बोजिया परिसर स्थित झूनगाबेवरा जंगल में हाथियों के दल को देखा गया। इसके बाद वन विभाग ने बोजिया, औरानारा, कांसाबहर, गडाईनबहरी, सारसमार और वृंदावन गांव के ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से बचने, हाथियों के करीब नहीं जाने और उनके दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। साथ ही हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

