गोशालापारा सामुदायिक भवन में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक लगा शिविर, जनसमस्याओं के निराकरण के साथ योजनाओं का मिला लाभ
रायगढ़। सेवा ही संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को गोशालापारा सामुदायिक भवन में सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत शिविर आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित शिविर में क्षेत्र के नागरिकों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को सुना गया तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य किया गया। इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के अंतर्गत स्वीकृत हितग्राहियों को महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वीकृति एवं अनुज्ञा प्रमाण पत्र तथा प्रतीक स्वरूप घर की चाबी प्रदान की गई।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत विषेकेशन भोई, संतोषी निषाद, कृष्णचन्द्र गुप्ता, कमलनारायण, सुभाष, रामलाल चौहान, अनिल सारथी, पंचराम, इस्टालिश टोप्पो एवं निखिल सिंह लाभान्वित हुए।
जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराना प्राथमिकता : महापौर
महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को अपने पक्के घर का सपना पूरा करने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं और नागरिकों के बीच सेतु बनाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने लाभान्वित हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपने घर का सपना पूरा होना प्रत्येक परिवार के लिए खुशी और सम्मान का विषय है।
शिविरों के माध्यम से नागरिकों तक पहुंच रही योजनाओं की सुविधा : सभापति
सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना और उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आज स्वीकृति एवं अनुज्ञा प्रमाण पत्र तथा प्रतीकात्मक रूप से घर की चाबी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन का प्रयास है कि पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और उन्हें अपने पक्के घर का सपना साकार करने में किसी तरह की परेशानी न हो।
शिविर में उपस्थित निगम के अधिकारी-कर्मचारियों एवं संबंधित विभागीय अमले द्वारा नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं को दर्ज कर उनके निराकरण की प्रक्रिया भी की गई। सेवा ही संकल्प अभियान के अंतर्गत निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसी प्रकार सेवा सेतु एवं विशेष जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इस अवसर पर एम आई सी सदस्य श्री अमित शर्मा, पार्षद श्री नवाब खान, वार्ड क्रमांक 40 पार्षद श्रीमती शोभा देवांगन , श्रीमती उमा उपाध्याय, श्रीमती दीपमाला गुप्ता, श्री पवन शर्मा स्थानीय वार्डवासी निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
