पीडीएस खाद्यान्न गड़बड़ी मामले का एक और फरार आरोपी बिहारी राठिया गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

रायगढ़. जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के खाद्यान्न में गड़बड़ी और शासकीय खाद्यान्न के गबन के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम ससकोबा एवं गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्य विभाग की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में चावल, शक्कर एवं नमक की कमी सामने आने पर चौकी रैरूमाखुर्द (थाना धरमजयगढ़) में दोनों प्रकरणों में अपराध दर्ज किए गए हैं।
विदित हो कि धरमजयगढ़ तहसील के ससकोबा की उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की 03 सितंबर को खाद्य विभाग की जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर एवं 8.03 क्विंटल नमक, कुल करीब 12,89,375 का खाद्यान्न कम पाया गया था। जांच में अगस्त माह में हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगर लगवाने के बाद भी राशन वितरण नहीं किए जाने की बात सामने आई। मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया एवं विक्रेता बिहारी राठिया के विरुद्ध धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया, जिसमें 12 सितंबर को उमाबाई राठिया एवं माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा जा चुका है, विक्रेता बिहारी राठिया फरार था।
चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव द्वारा फरार आरोपी ससकोबा उचित मूल्य दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया की गिरफ्तारी के लिए मुखबीर लगा रखे थे। मंगलवार 22 सितंबर को आरोपी को धरमजयगढ़ से बस बैठकर अपने गांव आने की सूचना मिला जिसे गांधी प्रतिमा चौक रैरूमाखुर्द के पास पकड़ा गया। जिसने ससकोबा उचित मूल्य दुकान में फरवरी से अगस्त तक चावल, शक्कर और नमक वितरण में गडबड़ी की बात स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे 4 नग रजिस्टर को जप्त किया गया है। आरोपी बिहारी राठिया पिता बृक्ष सिंह राठिया उम्र 32 वर्ष निवासी ससकोबा जूनापारा चौकी रैरूमाखुर्द थाना धरमजयगढ़ को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

  • Top Search