रायगढ़। तमनार रेंज के सामारुमा क्षेत्र में रविवार शाम उस वक्त सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात थम गया, जब जंगली हाथियों का एक बड़ा दल सड़क पार करने पहुंच गया। हाथियों के सड़क पर आने की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला तत्काल सक्रिय हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। इसके बाद हाथियों ने बिना किसी बाधा के सुरक्षित तरीके से सड़क पार की और जंगल की ओर निकल गए।
हाथियों के सड़क पर आने की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई। कई लोगों ने मोबाइल फोन से इस पूरे दृश्य को कैमरे में कैद किया। सड़क पार कर रहे दल में नर और मादा हाथियों के साथ नन्हे शावक भी शामिल थे। हाथियों को देखकर लोगों में कौतूहल जरूर रहा, लेकिन वन अमले की मौजूदगी में यातायात को नियंत्रित कर पूरे दल को सुरक्षित रास्ता दिया गया।
दोनों ओर थमी वाहनों की रफ्तार, फिर पार हुआ हाथियों का दल
वन विभाग के मुताबिक हाथियों के मूवमेंट की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों ने सड़क के दोनों ओर मोर्चा संभाल लिया। वाहनों को रोककर लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई। कुछ समय तक सड़क पर यातायात पूरी तरह नियंत्रित रहा। इसके बाद हाथियों का दल एक-एक कर सड़क पार करता हुआ जंगल की ओर बढ़ गया।
वन अमले की इस तत्परता से हाथियों और राहगीरों के बीच किसी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं बनी।
लगातार बनी हुई है हाथियों की आवाजाही
सामारुमा और आसपास के जंगल क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से हाथियों की लगातार आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में वन विभाग द्वारा हाथियों के मूवमेंट वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। सड़क किनारे हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वाहन चालकों से भी सावधानी बरतने और हाथियों के सामने वाहन रोककर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
रायगढ़ वन मंडल में 51 हाथी, 6 शावक भी शामिल
विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार रविवार को रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में कुल 51 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई। इनमें 13 नर, 32 मादा और 6 शावक शामिल हैं। हाथियों के लगातार बदलते मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग की टीमें संबंधित क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं।
सड़क पर हाथियों की दस्तक के बीच रविवार शाम सामारुमा में कुछ देर के लिए थमी वाहनों की रफ्तार, लेकिन वन अमले की सतर्कता से हाथियों का दल बिना किसी बाधा के सुरक्षित जंगल की ओर निकल गया।
