Raigarh: तेज रफ्तार पिकअप बिजली खंभे से टकराई, ट्रांसफार्मर टूटकर वाहन पर गिरा; सवारियों में मची चीख-पुकार

रायगढ़। धरमजयगढ़ कॉलोनी में देर रात करीब 2 बजे सवारियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभे पर लगा भारी ट्रांसफार्मर टूटकर सीधे पिकअप के ऊपर जा गिरा। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पिकअप में करीब 15 से 20 लोग सवार थे। बिजली के खंभे से टक्कर के बाद ट्रांसफार्मर वाहन के ऊपर गिरने से कई सवारियों को चोटें आईं। अचानक हुए इस हादसे से आसपास के लोग भी सहम गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। हादसे के बाद क्षेत्र की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो गई।
रात के अंधेरे में ट्रांसफार्मर के वाहन पर गिरने की घटना से कुछ देर के लिए मौके पर दहशत का माहौल रहा। हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं और घायलों की स्थिति कैसी है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

  • Top Search