,
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भारी बारिश के बीच रविवार तड़के एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। रायगढ़–धरमजयगढ़ मार्ग पर स्थित सरिया नाला इस समय उफान पर है। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 70 फीट नीचे नाले में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक देखते ही देखते तेज बहाव वाले पानी में पूरी तरह समा गया। वहीं ट्रक चालक के भी पानी के तेज बहाव में बह जाने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण सरिया नाले का जलस्तर काफी बढ़ गया है और नाले में तेज बहाव चल रहा है। इसी दौरान तड़के तेज रफ्तार से गुजर रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हुआ और सड़क से नीचे करीब 70 फीट गहराई में उफनते नाले में जा गिरा। पानी का बहाव इतना तेज था कि ट्रक कुछ ही देर में पानी में दिखाई देना बंद हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मचा हड़कंप
ट्रक के नाले में गिरने और चालक के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल सक्रिय हो गए। धरमजयगढ़ थाना पुलिस के साथ रेस्क्यू टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया है। लापता चालक की तलाश के लिए दो अलग-अलग टीमों को लगाया जा रहा है।
रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर पहले ट्रक की लोकेशन तलाशने के साथ चालक की खोज में जुटी हुई है। हालांकि, नाले में तेज बहाव और लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें सामने आ रही हैं।
चालक के साथ क्या हुआ, अभी स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि ट्रक किस कारण अनियंत्रित हुआ और चालक हादसे के बाद ट्रक में फंसा है या पानी के तेज बहाव में बह गया, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
फिलहाल पुलिस और रेस्क्यू टीम ट्रक तथा लापता चालक की तलाश में जुटी हुई हैं। बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
