रायगढ़ में दो सांडों की लड़ाई से मची अफरा-तफरी, आधा दर्जन से ज्यादा राहगीर घायल, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ वीडियो

रायगढ़। शहर के व्यस्त हटरी रोड से सिटी कोतवाली मार्ग पर शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क के बीचोंबीच दो सांड आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों सांडों की लड़ाई इतनी उग्र हो गई कि आसपास मौजूद राहगीरों और दुकानदारों में दहशत फैल गई। इसी दौरान सांडों के भारी भीड़ के बीच घुस जाने से भगदड़ की स्थिति बन गई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक राहगीरों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर अचानक दो सांड आपस में भिड़ गए। दोनों एक-दूसरे को सींगों से मारते हुए सड़क पर इधर-उधर दौड़ने लगे। सांडों को अपनी ओर आता देख राहगीरों में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान कई लोग गिरकर घायल हो गए, जबकि कुछ लोग सांडों की चपेट में आने से चोटिल हुए।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में सांडों की लड़ाई और उसके बाद सड़क पर मची अफरा-तफरी का पूरा घटनाक्रम कैद हो गया।

सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि सांडों के अचानक भीड़ में घुसते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे और कुछ लोग सड़क पर गिर पड़े।
सांडों की लड़ाई के कारण सड़क पर यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। वाहनों की आवाजाही रुकने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। काफी देर तक राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

शहर के व्यस्त मार्ग पर हुई इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर खुलेआम घूमने वाले आवारा मवेशियों की समस्या को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की प्रमुख सड़कों और बाजार क्षेत्रों में आए दिन मवेशियों के जमावड़े के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने नगर निगम से आवारा मवेशियों को पकड़ने और व्यस्त सड़कों से हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से किसी की जान पर न बन आए।

  • Top Search