जंगल किनारे सड़क में अकेले हाथी से हुआ सामना, सुरेश चौहान को हाथी में कुचलकर उतारा मौत के घाट, घटना के बाद लोगों में दहशत



रायगढ़ धरमजयगढ़ वनमंडल में इंसान और हाथियों के बीच संघर्ष की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बाकारूमा रेंज अंतर्गत तेजपुर के पास बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां रास्ते में एक अकेले हाथी से सामना होने के बाद हाथी के हमले में 32 वर्षीय ग्रामीण युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुरेश चौहान पिता मदन चौहान, निवासी सारसमार, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेश अपने गांव सारसमार से ढोड़ा गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका सामना सड़क किनारे मौजूद एक अकेले हाथी से हो गया।
अचानक सामने आए हाथी ने युवक पर हमला कर दिया। हमले में सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी सुबह ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी।
घटना के बाद ग्रामीणों में हाथी विचरण वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है। बताया जा रहा है कि युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीण सड़क जाम करने की तैयारी में हैं। हालांकि, सड़क जाम और ग्रामीणों के विरोध की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
इधर घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर घटना की जांच और आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। वन अमले द्वारा क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी और उसकी गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर हाथी प्रभावित गांवों और आवाजाही वाले मार्गों पर ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर रात के समय हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और वन विभाग की ओर से जारी अलर्ट का पालन करने की जरूरत है।

  • Top Search