तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत, पेट्रोल पंप के सामने हादसा, भारी वाहनों की आवाजाही वाले मार्ग पर फिर उठे सुरक्षा के सवाल

रायगढ़। पुसौर ब्लॉक के ग्राम तेतला में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा तेतला स्थित पेट्रोल पंप के सामने दोपहर करीब सवा 12 बजे हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की दोपहर बाइक सवार युवक सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद आरोपी वाहन सहित फरार हो गया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुसौर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक युवक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

गांव के ग्रामीणों ने बताया कि तेतला क्षेत्र से होकर गुजरने वाले इस मार्ग पर 24 घंटे भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज रफ्तार और भारी वाहनों के दबाव के कारण इस मार्ग पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। कई हादसों में लोगों की जान भी जा चुकी है।

लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस इंतजाम नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, नियमित जांच और यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।

  • Top Search

    Popular Post

    Body
    20261014_102518
    IMG-20261013-WA0378
    IMG-20261013-WA0372

    Most Read