नई दिल्ली। कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। पार्टी ने छत्तीसगढ़ समेत असम, गुजरात, पंजाब, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की है।
छत्तीसगढ़ के नए प्रभारी के तौर पर सुखदेव भगत को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रभारी सचिन पायलट को अब पंजाब का प्रभारी बनाया गया है।
वहीं, पंजाब के पूर्व प्रभारी भूपेश बघेल को लेकर पार्टी के भीतर विरोध की चर्चा के बीच उन्हें पंजाब के प्रभार से हटाकर सीधे असम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंजाब में उनके खिलाफ भारी विरोध की राजनीतिक चर्चाओं के बाद यह बदलाव अहम माना जा रहा है।
कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल को असम का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा रनदीप सुरजेवाला को गुजरात, डॉ. श्रीविला प्रसाद को महाराष्ट्र और पी. वी. मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है।
कांग्रेस के इस बड़े संगठनात्मक फेरबदल को आगामी राजनीतिक चुनौतियों और राज्यों में पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
