जागरूकता: पुलिस बनी "साइबर शिक्षक" विद्यार्थियों को दिया साइबर सुरक्षा का ज्ञान, शिक्षक दिवस पर जिलेभर के स्कूलों में चला विशेष साइबर जागरूकता अभियान-रक्षक बने ‘साइबर शिक्षक’, साइबर शिक्षा से ही साइबर सुरक्षा

रायगढ़। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले में इस बार रायगढ़ पुलिस का आयोजन बेहद खास रहा। विदित हो कि छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” का चतुर्थ सप्ताह के आज पहले दिन 5 सितंबर को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान “रक्षक बने ‘साइबर शिक्षक’, साइबर शिक्षा से ही साइबर सुरक्षा” की थीम पर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जागरूकता को सबसे महत्वपूर्ण हथियार मानते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा लगातार विभिन्न माध्यमों से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने पुलिस टीम के साथ स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा साइबर सुरक्षा के प्रति अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस बनी ‘साइबर शिक्षक’
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे अपने आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। शिक्षकों से कहा गया कि वे विद्यार्थियों के साथ-साथ अपने परिवार और समाज में भी साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाकर ‘साइबर शिक्षक’ की भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को cgpolice-cyberjaagrutiabhiyaan.com लिंक पर जाकर अथवा ‘मेरी सेल्फी’ फ्रेम में दिए गए QR कोड को स्कैन कर सेल्फी लेने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर साइबर जागरूकता का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया।

साइबर अपराध से बचने दिलाया संकल्प
पुलिस अधिकारियों ने जागरूकता कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के लिए सावधानी बरतने की समझाइश दी। सभी को बताया गया कि—

  • OTP किसी के साथ शेयर नहीं करेंगे।
  • अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करेंगे।
  • बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करेंगे।
  • सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने से बचेंगे।
  • अनजान व्यक्तियों के साथ वीडियो कॉल या चैट करते समय सतर्क रहेंगे।
  • किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करेंगे।
  • साइबर अपराध की शिकायत cybercrime.gov.in पर दर्ज करेंगे।

शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष अभियान के माध्यम से पुलिस ने “साइबर शिक्षा से ही साइबर सुरक्षा” का संदेश देते हुए शिक्षकों को साइबर जागरूकता की कड़ी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। जिलेभर में एक साथ आयोजित इन कार्यक्रमों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता ने साइबर जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाया।

  • Top Search

    Most Read