बिलासपुर। कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर बिलासपुर के गोंड़पारा में भक्ति और उत्साह का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके को चर्चा का केंद्र बना दिया। यहां मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान छत से अचानक नोट बरसने लगे तो नीचे खड़ी भीड़ में उन्हें लपकने की होड़ मच गई।
बताया जा रहा है कि युवाओं की टोली पर करीब सवा लाख रुपये लुटाए गए। ऊपर से उड़ते नोट और नीचे उन्हें पकड़ने के लिए उमड़ती भीड़ का नजारा किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं था।
मटकी फोड़ कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहले ही सड़क पर जमा थे। जैसे ही छत से नोट बरसने शुरू हुए, लोगों का ध्यान मटकी से हटकर ‘नोटों की बारिश’ पर टिक गया। हर कोई हवा में उड़ते नोटों को लपकने की कोशिश करता नजर आया।
सड़क खचाखच भरने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी बन गई। बच्चे, युवा और बड़े—हर कोई नोटों की तलाश में जुटा दिखाई दिया। मौके का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आने लगा है।
कृष्ण जन्माष्टमी के इस आयोजन में भक्ति, उत्साह और अनोखे अंदाज में हुई रुपयों की बारिश ने पूरे गोंड़पारा का माहौल खास बना दिया।
कह सकते हैं—इस बार कान्हा की मटकी फूटी तो दही-माखन के साथ ‘नोटों की बारिश’ ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं!
