टाटा स्ट्रोम कार में गांजा की बड़ी खेप होने की सूचना, पुलिस की घेराबंदी में चालक-सहयोगी फरार

लैलूंगा। पत्थलगांव रोड स्थित भवानीपुर मार्ग में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस की घेराबंदी के दौरान एक टाटा स्ट्रोम कार को छोड़कर चालक और उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार कार के अंदर लगभग तीन बोरियों में गांजा जैसा पदार्थ रखा हुआ दिखाई दिया है। हालांकि, बरामद पदार्थ वास्तव में गांजा है या नहीं तथा इसकी कुल मात्रा कितनी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने वाहन को सड़क किनारे छोड़ दिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की सूचना के बाद आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई।
लैलूंगा पुलिस द्वारा फरार चालक और उसके सहयोगी की तलाश सरगर्मी से की जा रही है। साथ ही वाहन और कथित मादक पदार्थ को लेकर पुलिस की जांच जारी है। मामले में पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही बरामदगी की वास्तविक मात्रा और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

  • Top Search